भास्कर न्यूज | बालोद शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय में अर्जुंदा में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन राजनीति विज्ञान विभाग और आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने कहा कि अंबेडकर का समाज के लिए योगदान अतुलनीय है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. अरुणा साव ने कहा कि ज्ञान ही वह शक्ति है जो इंसान को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। इसलिए सभी को ज्ञानार्जन करना चाहिए। समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष दीपिका कंवर ने अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करते हुए विदेश जाकर शिक्षा प्राप्त की और समाज में फैले भेदभाव को मिटाने का प्रयास किया। कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान के अतिथि व्याख्याता मनोज कुमार साहू ने किया। इस अवसर पर लुकेश चंद्राकर, डॉ. धर्मेंद्र साहू, डॉ. राजकुमारी, डॉ. मिली चंद्राकर, मोनिका वर्मा, विकास साहू, डॉ. प्रभा यादव सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


