डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती पर रैली का आयोजन:बाबा साहब की होगी झांकी, ड्रोन से करेंगे पुष्पवर्षा

भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के अवसर पर चित्तौड़गढ़ में 14 अप्रैल को भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन एससी/एसटी महासभा द्वारा किया जा रहा है, जिसमें सामाजिक समरसता, संविधान के महत्व और बाबा साहब के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य है। सुबह 9:15 बजे निकलेगी रैली समारोह की शुरुआत 14 अप्रैल की सुबह 9:15 बजे किला रोड स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल से रैली के रूप में होगी। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सुभाष चौक तक पहुंचेगी, जहां सभा का आयोजन किया जाएगा। रैली का मार्ग किला रोड से शुरू होकर जूना बाजार, मिठाई बाजार, गांधी चौक, सदर बाजार, गोल प्याऊ होते हुए सुभाष चौक तक जाएगा। रैली में दिखेगा भव्यता का नजारा इस रैली को खास बनाने के लिए भव्य झांकियों और परंपरागत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विशेष तैयारी की गई है। रैली का मुख्य आकर्षण बाबा साहब की हूबहू झांकी, 51 फीट ऊंचा झंडा, सजीव रथ, घोड़े, ऊंट, हाथी, थाली, मांदल और मसक बैंड और डीजे की धुनों पर झूमते लोग रहेंगे। रैली के दौरान बड़े ड्रोन से पुष्पवर्षा कर माहौल को और भी भव्य बनाया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, यह रैली सामाजिक सौहार्द, एकता और बाबा साहब के विचारों को जनमानस में पुनः स्थापित करने का प्रतीक बनेगी। राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां रहेंगी शामिल इस आयोजन में जिले की राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी हिस्सा लेंगी। समारोह में मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और वर्तमान सांसद सी.पी. जोशी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत और कांग्रेस जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी की उपस्थिति रहेगी। इनके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों और समुदायों के प्रतिनिधि भी इस आयोजन में भाग लेंगे। स्थानीय समाजों और संगठनों द्वारा स्वागत रैली के मार्ग में अनेक स्थानों पर स्थानीय समाजों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा रैली का स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत तोरण, पुष्प वर्षा और जलपान की व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक एकता का सशक्त उदाहरण बनेगा और इसमें हर वर्ग, हर समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। महासभा में विचार गोष्ठी का आयोजन रैली के समापन के पश्चात सुभाष चौक पर महासभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाबा साहब के जीवन, उनके द्वारा किए गए संघर्ष, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका और समाज के लिए उनके योगदान पर वक्ताओं द्वारा विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। यह सभा विशेष रूप से युवाओं को बाबा साहब के विचारों से जोड़ने और सामाजिक चेतना को जागृत करने का माध्यम बनेगी। महासभा अध्यक्ष रामेश्वर लाल बैरवा ने दी जानकारी एससी/एसटी महासभा के जिलाध्यक्ष रामेश्वर लाल बैरवा ने बताया कि डॉ. अंबेडकर जयंती पर होने वाला यह आयोजन सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और समता के संदेश को फैलाने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जीवन भर समाज के दबे-कुचले वर्गों को न्याय दिलाने और उन्हें अधिकार संपन्न बनाने के लिए संघर्ष किया। आज उनके दिखाए मार्ग पर चलना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। आमजन से अधिक संख्या में आने की अपील रामेश्वर लाल बैरवा ने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में भाग लें और इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक आंदोलन है जो सामाजिक समानता, अधिकारों की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार का प्रतीक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *