डॉ. संगीता जैन ने आज मोहाली जिले की नई सिविल सर्जन के रूप में कार्यभार संभाल लिया। सिविल सर्जन कार्यालय के पूरे स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. जैन ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य जिले की सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने जोर दिया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे जनता को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। डॉ. जैन ने स्टाफ को निर्देश दिया कि वे अपने काम को और अधिक मेहनत-लगन के साथ करें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि अस्पतालों और कार्यालयों में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 1993 में स्वास्थ्य विभाग में बतौर मेडिकल ऑफिसर बनीं
डॉ. संगीता जैन ने 1993 में स्वास्थ्य विभाग में बतौर मेडिकल ऑफिसर अपने करियर की शुरुआत की। उनकी पहली नियुक्ति मोहाली जिले के ढकोली सरकारी अस्पताल में हुई थी। 2016 में उन्हें सीनियर मेडिकल ऑफिसर के रूप में पदोन्नत किया गया। उन्होंने डेराबसी के सरकारी अस्पताल में बतौर एसएमओ (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) लंबे समय तक सेवाएं दीं। हाल ही में उन्हें डिप्टी डायरेक्टर के रूप में प्रमोशन मिला है। इस मौके पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. रेनू सिंह, जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. तमन्ना, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गिरीश डोगरा, जिला डेंटल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पर्नीत ग्रेवाल, जिला अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. एचएच चीमा, डॉ. विजय भगत, सिविल सर्जन के निजी सहायक दविंदर सिंह समेत अन्य अधिकारी और स्टाफ मौजूद थे।


