राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जूजित्सु टेक्निकल सेमिनार और टीम चयन प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। कन्या शाला स्पोर्ट्स हॉल में 9 और 10 अगस्त को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के पहले दिन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया। इसमें नियमों की जानकारी और प्रतियोगी रणनीतियों का मार्गदर्शन शामिल था। दूसरे दिन चयन मुकाबले हुए। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित प्रतियोगिता में बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, चिरमिरी, बालोद, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, बिलासपुर, कबीरधाम, दुर्ग और राजनांदगांव सहित कई जिलों के खिलाड़ी शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विवेक मोनू भंडारी ने पूर्व विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। चयनित खिलाड़ी करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व विवेक मोनू भंडारी ने कहा कि इस तरह के राज्य स्तरीय आयोजन से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जाने का अवसर मिलता है। नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का माध्यम है। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।


