डोंगरगढ़ से राजिम तक मेमू लोकल ट्रेन चलाई जाए

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव डोंगरगढ़ से राजिम तक धार्मिक नगरों को जोड़ने सीधे मेमू लोकल ट्रेन चलाने की मांग उठ रही है। पूर्व सैनिक एवं रेल सलाहकार समिति गुरुमीत सिंह भाटिया ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन बिलासपुर के महा प्रबंधक से लोकल मेमू लोकल ट्रेन का राजिम तक विस्तारी करण करने पत्र प्रेषित किया है। इस मांग को लेकर पहले भी जनप्रतिनिधियों और रेल सलाहकारों के माध्यम से पत्राचार किया जा चुका है। उनका कहना है प्रदेश के दो प्रमुख धार्मिक नगर डोंगरगढ़ और राजिम जैसे शहरों को सीधे रेल मार्गों से जोड़ा जा सकता है। वर्तमान में रायपुर-राजिम और रायपुर-डोंगरगढ़ के बीच लोकल ट्रेनें चल रही है। लेकिन दोपहर के समय डोंगरगढ़ के लिए सीधी लोकल ट्रेन नहीं है। विशेष रूप से ट्रेन नंबर 68707 जो अभी रायपुर से दुर्ग तक चलती है। उसे डोंगरगढ़ तक विस्तारित किया जा सकता है। इससे दोपहर में डोंगरगढ़ जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। राजनांदगांव और नागपुर मंडल के तहत आने वाले स्टेशनों में अभनपुर ओर राजिम के लिए सीधी रेल टिकट उपलब्ध नहीं है। केवल रायपुर तक टिकट मिलती है। एक लोकल को सीधे राजिम तक विस्तारित करने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। डोंगरगढ़ धार्मिक और पर्यटन के दृष्टिकोण से बेहद अहम मां बम्लेश्वरी की नगरी डोंगरगढ़ की बात करें तो यहां साल में दो बार नवरात्र का मेला लगता है। यहां देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने और डोंगरगढ़ का नवरात्र मेला घूमने आते है। इसी तरह बौद्ध धर्म के लिए धम्मगिरी पर्वत भगवान बुद्ध के प्रति आस्था का केन्द्र है। हर साल 6 फरवरी को यहां अंतर राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन होता है। इसमें देश-विदेश से बौद्ध अनुयायी और समाज के लोग शामिल होते है। यह शुरू होने के बाद डोंगरगढ़ जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। कलवारी पहाड़ी इसाई समुदाय की आस्था का केन्द्र है। दिगंबर जैन आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का समाधि स्थल चंद्रगिरी तीर्थ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *