प्रतापगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भागीरथ पाटीदार (38) के रूप में हुई है। वह प्रतापगढ़ जिले के रठांजना थाना क्षेत्र के पिल्लु गांव का रहने वाला है। यह मामला 16 जनवरी 2025 को सामने आया था। तब पुलिस ने प्रतापगढ़ बस स्टैंड से एक स्लीपर बस में छापेमारी की थी। इस दौरान नीमच के रहने वाले कुलराज सिंह उर्फ अंकित सिंह (20) को 24 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा के साथ पकड़ा गया था। आरोपी ने यह मादक पदार्थ एक ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा था। एसपी विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर थानाधिकारी हथुनिया इंद्रजीत परमार की टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में भागीरथ पाटीदार का नाम सामने आया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह और पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में की गई। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


