हनुमानगढ़ की जंक्शन थाना पुलिस ने डोडा पोस्त तस्करी के एक छह माह पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी गुरदीता सिंह उर्फ गौरा उर्फ करण को पंजाब के डबवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 6 जुलाई 2025 को पकड़े गए 5 क्विंटल डोडा पोस्त तस्करी के मामले में शामिल था। इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों जगराज सिंह, अमनदीप कुमार और राजवीर धोलिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से पंजाब के मुक्तसर जिले का निवासी है और वर्तमान में डबवाली में रह रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी से पोस्त तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरी शंकर ने बताया कि आरोपी से डोडा पोस्त की सप्लाई चेन, नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पंजाब-राजस्थान सीमा से होकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। इस कार्रवाई में उप-निरीक्षक (एसआई) गजेंद्र शर्मा, कांस्टेबल अमरचंद, सुरेंद्र और संदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


