राज्य सरकार ने रांची के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोरंडा को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की राज्य स्कीम अनुदान योजना के तहत सीएचसी डोरंडा के अधोसंरचना विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 11 करोड़, 74 लाख, 54 हजार 300 रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस योजना से क्षेत्र के हजारों मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। स्वीकृत योजना के तहत सीएचसी डोरंडा के भवन में सेकेंड फ्लोर का विस्तार, पुराने भवन का रिनोवेशन, इलेक्ट्रिकल और प्लंबिंग कार्य कराए जाएंगे। योजना के तहत 1.36 करोड़ से मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की स्थापना की जाएगी, जिससे अब मरीजों को छोटी और मध्यम सर्जरी के लिए बड़े अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके अलावा मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम के लिए 1.28 करोड़, एचवीएसी सिस्टम के लिए 58.39 लाख खर्च किए जाएंगे। फायर फाइटिंग सिस्टम, नर्स कॉल सिस्टम भी लगेगा। मरीजों के लिए सुविधाएं होंगी बेहतर सीएचसी डोरंडा में हॉस्पिटल फर्नीचर, एडमिन फर्नीचर, साइनेज वर्क, कॉर्नर गार्ड व वॉल गार्ड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग टैंक, सेप्टिक टैंक, डीप बोरिंग और आंतरिक सड़क निर्माण जैसे कार्य भी कराए जाएंगे। इससे अस्पताल परिसर अधिक सुव्यवस्थित और मरीजों के अनुकूल बनेगा। इन सभी कार्यों के लिए कुल स्वीकृत राशि 11,74,54,300 रुपए निर्धारित की गई है। योजना का क्रियान्वयन जेएसबीसीसीएल द्वारा किया जाएगा, जबकि तकनीकी स्वीकृति के बाद निविदा प्रक्रिया अपनाई जाएगी। डोरंडा क्षेत्र के लोगों को मिलेगा लाभ योजना पूरी होने के बाद सीएचसी डोरंडा की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस यह केंद्र डोरंडा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए एक मजबूत और भरोसेमंद स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित होगा।


