करौली के आर्मी जवान का जोधपुर में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान अचानक उन्हें सीने में दर्द महसूस हुआ। इस पर उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उनको मृत घोषित कर दिया। जवान का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह 10 बजे नादौती (करौली) लाया गया, जहां से 10 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकाली गई। जवान का पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान के पार्थिव शरीर को उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी ने आखिरी सैल्यूट किया, जबकि उनके दो साल के बेटे ने मुखाग्नि दी। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। लोगों ने भारत माता की जय और धर्मवीर सिंह अमर रहे के नारे लगाए। ड्यूटी के दौरान सीने में हुआ दर्द
सेना के अधिकारियों के मुताबिक हवलदार धर्मवीर खटाना (39) निवासी कैमरी के पास दंड का पुरा (करौली) के रहने वाले थे। वह जोधपुर में सिंगल रेंज में तैनात थे। मंगलवार सुबह 4 बजे ड्यूटी के दौरान उनको सीने में दर्द हुआ। इस पर उनको आर्मी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। अस्पताल जाते समय पत्नी से की थी आखिरी बात
जवान के पिता रामनिवास खटाना ने बताया- अस्पताल जाते समय धर्मवीर ने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की थी। उन्होंने कहा कि मुझे बेचैनी हो रही है। काफी दर्द महसूस हो रहा है। बात करते-करते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता बोले- 31 दिसंबर को ही ड्यूटी पर गए थे
जवान धर्मवीर के पिता सूबेदार रामनिवास खटाना रिटायर्ड सूबेदार हैं। धर्मवीर के बड़े भाई मुकेश खटाना (47) सेना में सूबेदार हैं। धर्मवीर की पत्नी विमलेश करौली जिले में पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। जवान के पिता ने बताया- धर्मवीर हाल ही में 10 दिनों की छुट्टी पर घर आए थे। 31 दिसंबर को छुट्टी खत्म होने के बाद वो ड्यूटी पर लौटे थे। वो हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे और समाज सेवा से जुड़े रहते थे। धर्मवीर किसी भी चीज का ज्यादा तनाव नहीं लेते थे और हमेशा स्वस्थ रहते थे। पहले उन्हें किसी भी प्रकार की बीमारी नहीं थी। ये खबर भी पढ़ें- राजस्थान के 3 जवानों को बेटों ने दी अंतिम विदाई:शहीद की मां बोलीं-मेरे लाडले को जय हिंद; पति के अंतिम दर्शन कर बिलख पड़ीं पत्नी राजस्थान के तीन जवानों को सोमवार शाम सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में शहीद हुए बहरोड़ के जवान नितीश कुमार यादव का उनके पैतृक गांव रिवाली में अंतिम संस्कार किया गया। (पूरी खबर पढ़ें)


