ड्राइवर से ब्रेजा छीनने के आरोप में दो गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | गिद्दड़बाहा गिद्दड़बाहा पुलिस और सीआईए स्टाफ टीम ने वीरवार रात ब्रेजा छीन कर भागे दो आरोपियों को काबू कर लिया है। एसपी इन्वेस्टिगेशन मनमीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में संजय ग्रोवर पुत्र लक्ष्मण दास वासी वार्ड नंबर 18 गांधी चौक गिद्दड़बाहा ने बताया कि उसके बेटे की शनिवार को शादी थी। वीरवार की रात शादी से पहले एक फंक्शन मलोट रोड पर स्थित लीला रिजोर्ट में रखा हुआ था। सारे रिश्तेदार रिजोर्ट में पहुंच चुके थे। रात साढ़े आठ बजे वह परिवार के साथ ब्रेजा कार नंबर पीबी60सी-2907 पर पैलेस में पहुंचा और कार से उतर कर पैलेस के अंदर चले गए। ड्राइवर हरजीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह पार्किंग के बाहर ही कार पार्क करने लगा। इस दौरान पार्क के बाहर पहले से ही दो नौजवान खड़े थे। जो ड्राइवर की कार पार्क करने में मदद करने लगे। ड्राइवर ने कार पार्क की और कार से जब बाहर निकला तो दोनों नौजवानों ने ड्राइवर को पकड़ लिया और गंडासा मारने का डर दिखा ड्राइवर से कार लूट कर भाग गए। एसपी ढिल्लों ने बताया कि इस मामले में थाना गिद्दड़बाहा में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई। गिद्दड़बाहा के डीएसपी अवतार सिंह राजपाल के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर ह्यूमन इंटेलिजेंस व टेक्निकल तरीके से आरोपितों की तलाश शुरू की गई। इस दौरान दोनों आरोपितों को ट्रेस कर एक मार्च को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों की पहचान हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन पुत्र डिप्टी सिंह व जगवीर सिंह उर्फ जग्गा पुत्र गुरजंट सिंह वासी गांव विर्क खेड़ा के रूप में हुई है। आरोपितों से लूट की गई कार और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक नं पीबी10 एफआर-5322 भी बरामद कर लिया है। आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया गया है और हिरासत में पूछताछ की जा रही है। जानकारी देते एसपी इन्वेस्टिगेशन मनमीत सिंह ढिल्लों और साथ में डीएसपी अवतार सिंह राजपाल।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *