रायपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2025) के मौके पर ड्राई डे होने के बावजूद अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिलने पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। आबकारी विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कुल 59.82 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में सूरज साहू, नितेश उर्फ गोलू बांधे, अभिषेक राय (ढाबा संचालक), काजल पांडे, प्रेमचंद साहू, सुरेश टंडन और शत्रुघ्न कुर्रे शामिल हैं। इन सभी के पास से देशी और विदेशी शराब की कई बोतलें मिलीं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी वैभव मित्तल, आशीष सिंह, स्वाती चौरसिया, जेबा खान, निरीक्षक प्रकाश देशमुख और नीलम स्वर्णकार की अहम भूमिका रही।


