चित्तरंजन | चित्तरंजन-आसनसोल मुख्य मार्ग पर देंदुआ स्थित ड्रीमलैंड के पास सड़क की हालत अत्यंत खराब हो चुकी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और नाले के पानी के जमाव से स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय तृणमूल नेता फुचू बाउरी ने बताया कि यह समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पहले एक बार अस्थायी मरम्मत की गई थी, लेकिन मूसलधार बारिश और जलजमाव के कारण गड्ढे फिर से उभर आए हैं। स्थानीय लोग और वाहन चालक प्रशासन से स्थायी मरम्मत की मांग कर रहे हैं। हाल ही में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।


