गढ़वा|श्रावण मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर पूरे जिले के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। इसी क्रम में सोनपुरवा रेलवे स्टेशन स्थित शिवालय में सोमवार को भक्ति और उल्लास से भरा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु शिवालय में जुटने लगे और देर रात तक भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव के श्रृंगार पूजा से हुई। इसके बाद श्रीमती माया देवी के नेतृत्व में स्थानीय महिलाओं द्वारा शिव चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने पारंपरिक भजनों और मंत्रों के साथ माहौल को पूर्णतः भक्तिमय कर दिया। श्रृंगार और शिव चर्चा के उपरांत पूरी शाम मंदिर में शिव भजनों की मधुर धुन गूंजती रही। भक्तों ने ढोल-मंजीरे की थाप पर नृत्य किया और ‘बम बम भोले’ के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। भजन-कीर्तन के साथ-साथ विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।


