ढोढर टोल प्लाजा पर 12 किलो MD ड्रग्स जब्त:नारकोटिक्स ब्यूरो ने पकड़ी स्विफ्ट कार; राजस्थान से गुजरात जा रही थी खेप

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने मंदसौर जिले में बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ढोढर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर 12.0055 किलोग्राम अवैध मेफेड्रोन (एमडी) जब्त की है। मौके से एक मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक है। सीबीएन को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मारुति स्विफ्ट कार राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ लेकर निकली है। यह कार मंदसौर-रतलाम हाईवे के रास्ते गुजरात की ओर जा रही थी। तस्कर इस खेप को गुजरात में सप्लाई करने की फिराक में थे। चित्तौड़गढ़ पासिंग कार थी, 10 पैकेट में मिली ड्रग्स सूचना मिलते ही सीबीएन की एमपी यूनिट ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने संदिग्ध मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी। देर रात चित्तौड़गढ़ पासिंग एक मारुति स्विफ्ट कार की पहचान हुई, जिसे ढोढर टोल प्लाजा के नजदीक रोक लिया गया। जब वाहन की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें 10 पैकेटों में छिपाकर रखी गई कुल 12.0055 किलोग्राम अवैध मेफेड्रोन बरामद हुई। NDPS एक्ट में केस दर्ज, नेटवर्क खंगाल रही टीम मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। विधिक औपचारिकताओं के बाद टीम ने मादक पदार्थ और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने दोहराया है कि विभाग मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से सुरक्षित रखने के लिए विभाग द्वारा निरंतर ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *