भास्कर न्यूज | कवर्धा ग्राम मरका स्थित बिजली सब स्टेशन अंतर्गत आने वाले गांवों में बिजली बंद और लो-वोल्टेज से ग्रामीण परेशान हैं। शिकायत के बाद भी समस्या दूर नहीं हो रही है। इसे लेकर सब-स्टेशन परिसर में शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ढोलक, झांझ और मंजीरों के साथ रामधुन करते हुए उन्होंने बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में ग्राम दलपुरवा, खैरझिटी, बिपतरा, कोयलारी, तमरुवा और मरका के सैकड़ों ग्रामीण किसान पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना है कि 24 घंटे में मुश्किल से कुछ घंटे ही बिजली मिल पाती है। उसमें भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि घर में ट्यूब लाइट तक ठीक से नहीं जलती। लो-वोल्टेज से कृषि पंप नहीं चल पा रहे। इससे सिंचाई नहीं हो पा रही है। फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। समस्या को दूर करने अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सब-स्टेशन पहुंचकर ग्रामीणों ने सद्बुद्धि भजन गाकर प्रदर्शन किया। करोड़ों रुपए खर्च, हालत जस की तस, राहत नहीं प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष तुकाराम चंद्रवंशी ने कहा कि विभाग किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है। भाजपा सरकार बिजली सुधार के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करती है, लेकिन जमीनी हालात में कोई सुधार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।


