ढोलाना में सर्व समाज का सामूहिक विवाह:40 जोड़ों को मिला घर बसाने का तोहफा, टीवी से लेकर सोने-चांदी के जेवर दिए

बदनावर के ढोलाना गांव में गुरुवार को श्री ऋणमुक्तेश्वर महादेव समिति की ओर से आयोजित सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन में 40 जोड़ों का विवाह हुआ। धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ सभी रस्में पूरी की गईं। वर-वधू पक्ष के लोग सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। दोपहर में दूल्हों का शाही जुलूस निकाला गया। बैंडबाजे, डीजे, ढोल, तोप के साथ घोड़ी और बग्गी पर सवार दूल्हों का गांव में जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। संत गुजराती रविदास समाज के प्रदेश महासचिव और आयोजक दिनेश बामनिया के अनुसार, यह आयोजन का दूसरा वर्ष था। समिति की ओर से प्रत्येक जोड़े को उपहार स्वरूप 51 बर्तन दिए गए। साथ ही सोने का मंगलसूत्र और कांटा, चांदी की पायल, चुटकी और अंगूठी भी भेंट की गई। वर-वधु को एलईडी टीवी, कूलर, सोफा सेट, गोदरेज, पलंग, बेडशीट, रजाई और तकिया दिए गए। इसके अलावा वर-वधु के कपड़े, पांच पेरावनी और दूल्हे को घड़ी भी भेंट की गई। कार्यक्रम में सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया और समरसता का माहौल देखने को मिला। देर शाम को सभी रस्मों के बाद नवविवाहित जोड़ों को विदाई दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *