अलवर| ऑल राजस्थान प्राइवेट कॉलेज फेडरेशन सोसायटी ने मत्स्य यूनिवर्सिटी के कुलसचिव को पत्र लिखकर एमए और एमएससी परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. कर्ण सिंह चौधरी ने बताया कि यूनिवर्सिटी के पोर्टल पर फॉर्म भरते समय लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। पोर्टल पर सर्वर एरर और अन्य तकनीकी दिक्कतों के कारण कई विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म अब तक पूर्ण नहीं हो पाए हैं। इससे छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज प्रबंधन में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। डॉ. चौधरी ने कहा कि यदि समय रहते अंतिम तिथि में बढ़ोतरी नहीं की गई तो बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह सकते हैं।


