अलवर| तूलेड़ा रोड स्थित पूर्णिमा कॉलोनी में 30 फीट चौड़ी सार्वजनिक सड़क पर अवैध कब्जे के खिलाफ शुक्रवार को लोगों ने यूआईटी सचिव को ज्ञापन सौंपा। निवर्तमान पार्षद हेतराम यादव व गिरधारी लाल सैनी ने बताया कि खसरा नंबर 175 यूआईटी योजना के तहत स्वीकृत ले-आउट प्लान में 30 फीट चौड़ी सड़क दर्शाई गई है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा इस सड़क पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य कर लिया गया है। सड़क पर पिलर खड़े कर रास्ते को संकरा किया जा रहा है, जिससे आमजन को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन पहले कुछ लोगों ने सड़क पर कब्जा करने का प्रयास किया। तब कॉलोनीवासियों ने इसका विरोध किया तो अतिक्रमियों ने गाली-गलौज करते हुए झगड़ा किया। इस दौरान वे मारपीट पर उतारू हो गए। साथ ही सड़क को पूरी तरह बंद करने की धमकी भी दी गई। इस मामले में यूआईटी सचिव ने जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। कैलाश चंद जांगिड़, अमर सिंह सैनी, चम्पा देवी, शारदा सैनी, प्रेम सैनी, अनिल सैनी व पिंकी सैनी सहित कई कॉलोनिवासी उपस्थित थे।


