एक म्यूजिशियन या हम जैसे लोगों को अवॉर्ड तो बहुत से मिलते हैं। लेकिन तानसेन अवॉर्ड उनमें सबसे ऊंचा है। उनकी दुआ, उनका आशीर्वाद हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। यह कहना है प्रख्यात तबला वादक पद्मश्री पं. स्वपन चौधरी का, वे बुधवार को यहां तानसेन शताब्दी समारोह के मंच पर बुधवार शाम 2023 का तानसेन अलंकरण ग्रहण करने के बाद संगीत रसिकों से रूबरू थे। समारोह में प्रख्यात तबला वादक पद्मश्री पं. स्वपन चौधरी को वर्ष 2023 का तानसेन अलंकरण प्रदान किया गया। उन्हें यह अलंकरण राजा मानसिंह कला एवं संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति डा. स्मिता सहस्त्रबुद्धे आैर कलेक्टर रुचिका चौहान ने प्रदान किया। इसके साथ ही इंदौर की सांस्कृतिक संस्था सानंद न्यास को राजा मानसिंह तोमर सम्मान प्रदान किया गया।


