तमिलनाडु की 7 सदस्यीय गैंग 9 दिन की रिमांड पर

भास्कर संवाददाता | उज्जैन शहर में आकर पार्किंग स्थलों पर खड़ी कारों के कांच तोड़ उसमें रखा कीमती सामान चुराने वाली सात सदस्यीय गैंग पुलिस रिमांड पर है। नानाखेड़ा थाना पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है, जिन्होंने दो और वारदातें कबूली है। महाकाल थाना क्षेत्र तथा फ्रीगंज में भी पार्किंग में खड़ी कार के कांच फोड़ घटना को अंजाम दिया था। नानाखेड़ा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी मदद से बदमाशों का सुराग खोजा था। उक्त बदमाशों ने 30 दिसंबर को महानंदानगर स्थित कॉसमॉस मॉल की पार्किंग से आकाश लश्करी निवासी कुशलपुरा की कार का कांच तोड़ 20 लाख रुपए से भरा बैग चुराया था। बदमाशों से नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने चार लाख रुपए नकदी जब्त की। थाना प्रभारी यादव ने बताया कि बदमाशों को कोर्ट में पेश करने पर नौ दिन का पुलिस रिमांड मिला है, जिनसे अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है। बदमाशों ने महाकाल क्षेत्र में हरसिद्धि पार्किंग से भी एक श्रद्धालु की कार का कांच तोड़ घटना की थी व नकदी चुराई थी। इसके अलावा माधवनगर थाना क्षेत्र में भी सेठी बिल्डिंग के समीप खड़ी कार का कांच तोड़ श्रद्धालु की कार से कपड़ों से भरा बैग चुरा ले गए थे। पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के आदिनाथ व उसके छह साथी फिलहाल गिरफ्त में है व आठवें साथी की भी तलाश की जा रही है। उक्त बदमाशों से महाकाल व माधवनगर पुलिस भी पूछताछ करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *