भास्कर न्यूज | अमृतसर मांगों को लेकर पावरकॉम ज्वाइंट फोरम के कर्मचारी वीरवार को चौथे दिन भी हड़ताल पर रहे। वीरवार को बारिश के बावजूद कर्मचारियों का गुस्सा कम नहीं हुआ और रोष प्रदर्शन जारी रहा। मजीठा रोड पावर कॉलोनी में सुबह बरसात में ही हड़ताली कर्मचारी छाते लेकर और रेनकोट पहनकर गेट के पास पहुंचे और सरकार-मैनेजमेंट के खिलाफ रोष प्रदर्शन शुरू किया। वही हड़तालियों की गिनती 3 दिन में 55.28% से बढ़कर 56.54 प्रतिशत पहुंच गई है। तरनतारन में सबसे ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर रहे। 983 में से 200 कर्मचारी ड्यूटी पर 757 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। मतलब 77. 01 प्रतिशत कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इसके बारे तरनतारन के एसई इंजी. मोहत्तम सिंह ने बॉर्डर जोन चीफ इंजी. देसराज बांगड़ को भी बता दिया है। सिटी सर्किल में 445 मुलाजिमों में से 281 हाजिर और 156 हड़ताल पर रहे। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर तरनतारन में पड़ा जहां 77.01 प्रतिशत कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बरसात के कारण तरनतारन के 6 फीडर और 2 ट्रांसफार्मर जलने से 15 हजार उपभोक्ताओं की बिजली 9 घंटे बंद रही। इसमें तरनतारन, फोकल प्वाइंट, सिटी 5, गोइंदवाल रोड, रेलवे रोड, जंडियाला रोड समेत अन्य इलाकों की बिजली बरसात के कारण बंद हो गई। बंद बिजली को चालू करने को कर्मचारी आए मगर तब तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। वही अमृतसर के मजीठा रोड आकाश एवेन्यू के कुछ उपभोक्ता अपना बिल जमा कराने पावर कॉॅलोनी कैश काउंट में पहुंचे मगर ताले देख लौट गए।बरसात में कश्मीर एवेन्यू, बांके बिहारी, कर्मपुरा, एमईएस, रणजीत एवेन्यू, छेहर्टा, कोट खालसा, सुल्तानपिंड, चाटीविंड, इस्लामाबाद समेत अन्य इलाकों की बिजली 7 से 8 घंटे तक बंद रही जिसे मुश्किल से चालू किया गया।


