तरौद में 10वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए दिया मार्गदर्शन

भास्कर न्यूज | बालोद बोर्ड परीक्षा से पूर्व शासकीय हाईस्कूल तरौद में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की विदाई को पारंपरिक तरीके से न मनाकर एक अनोखे और संस्कारपूर्ण रूप में आशीर्वाद समारोह के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल भावनात्मक विदाई देना नहीं, बल्कि उन्हें परीक्षा के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सत्येन्द्र महाराज, तरौद के सान्निध्य में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, एकाग्रता और परिश्रम की शक्ति बताई और बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए सद्बुद्धि और आत्मबल का आशीर्वाद दिया। समारोह के दौरान विद्यालय की प्राचार्य लीनू तुली ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समझाया कि उत्तर पुस्तिका में साफ-सुथरी लिखावट, प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर क्रमबद्ध उत्तर देना, मुख्य बिंदुओं को रेखांकित करना और समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखना अच्छे अंक प्राप्त करने में सहायक होता है। विद्यार्थियों को यह भी सलाह दी गई कि वे पहले उन्हीं प्रश्नों को हल करें जिनमें उन्हें पूरा आत्मविश्वास हो और उत्तर संक्षिप्त, सटीक एवं तथ्यपरक रखें। कार्यक्रम में शाला विकास समिति की अध्यक्ष महेश्वरी ठाकुर, ग्राम पंचायत तरौद के सरपंच धर्मेन्द्र रामटेके, समिति सदस्य सीबी साहू, हेमन्त साहू, मलखम राणा, मिलेन्द्र निषाद आदि मौजूद थे। विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित किए गए: समारोह के पश्चात विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित किए गए। पूरे आयोजन में भावनाओं के साथ-साथ संस्कार और मार्गदर्शन का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। शासकीय हाईस्कूल तरौद ने विदाई को एक नई पहचान देते हुए उसे आशीर्वाद, संस्कार और सफलता के संकल्प से जोड़कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया कार्यक्रम के दौरान सभी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार की ओर से नारायण सिंह डड़सेना, जोहत्रि नायक, तीज कोठरिया, अनुपा पाण्डेय, ज्योति साहू एवं उत्तम कुमार ठाकुर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन के साथ ही आशीर्वाद प्रदान किया और सफलता की कामना की। इस अवसर पर सहित पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *