शहर में अवैध शराब की तस्करी का नया ट्रेंड सामने आया है। किराना सामान, गिफ्ट आइटम, स्कूल बैग व अटैची में डिलीवरी बॉय के रूप में एजेंट घर-घर शराब पहुंचा रहे हैं। शराब ठेकेदारों के एजेंट शहर में सक्रिय हैं, जो पढ़ाई करने वाले युवाओं व बेरोजगारों को टारगेट करते हैं। उन्हें 30 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर अवैध शराब तस्करी के लिए एजेंट बना रहे हैं। आबकारी विभाग की धरपकड़ में शहर में शराब तस्करी के हर महीने 100 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कोई डिलीवरी बॉय बनकर शराब पहुंच रहा है तो कोई गिफ्ट आइटम के रूप में पैक कर घर-घर डिलीवरी कर रहा है। शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की शहर के 15 वृत्त (सर्कल) में टीमें तैनात हैं। इनकी मॉनिटरिंग के लिए 15 एडीईओ और एक स्पेशल स्क्वॉड भी बनी है। शराब तस्करी करने वालों को लगातार पकड़ रहे हैं
शहर में अवैध शराब की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्कूल बैग, किराना सामान के साथ, ट्रैवलर बैग व डिलीवरी बॉय के रूप में अवैध शराब की तस्करी हो रही है। अधिकांश आरोपी नई उम्र के मिले हैं। जिन्हें मोटे कमीशन का लालच देकर एजेंट बनाया जा रहा है। -अभिषेक तिवारी, असिस्टेंट आबकारी आयुक्त केस-1 : डिलीवरी बॉय के रूप में आया, 24 बोतल शराब मिली
17 दिसंबर 2025 को आबकारी टीम ने आरोपी राकेश बलवानी निवासी द्वारिकापुरी को पकड़ा। इसके पास से 24 बोतल शराब मिली ।
केस-2 : झोले में 97 हजार की शराब
14 दिसंबर 2025 को डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल की टीम ने स्कूटर आरोपी विनोद (27) चौहान निवासी छोटा बांगड़दा को पकड़ा। ये किराना दुकान की थैली में परचून के सामान की आड़ में शराब की तस्करी कर रहा था। केस-3 : ट्रैवलर बैग में मिली शराब
18 दिसंबर 2025 को पलासिया (वृत्त) की प्रभारी प्रियंका रानी चौरसिया की टीम ने राजेंद्र नगर एबी रोड से बाइक पर ट्रैवलर बैग में अवैध शराब लेकर आए आरोपी को पकड़ा। बैग में 97 हजार की शराब मिली।
केस-4 : स्कूल बैग में मिली शराब
24 नवंबर 2025 को मीरा सिंह की टीम ने चोइथराम चौराह से तीन पहिया वाहन चालक आरोपी गौरव (25) मालवीय निवासी रतलाम को पकड़ा। बैग में 40 हजार की शराब मिली। केस-5 : गिफ्ट के रूप में पैक कर ले जा रहा था 1 लाख रुपए की शराब
24 नवंबर 2025 को चोइथराम मंडी के पास स्कूटी सवार आरोपी हर्ष (23) को पकड़ा तो इसके पास एक कार्टून बॉक्स मिला। जिसे इसने गिफ्ट के रूप में पैकिंग कर रखी थी। इससे 1 लाख से ज्यादा की शराब जब्त की गई। 9 महीनों में 3 करोड़ 67 लाख 50 हजार की अवैध शराब पकड़ी
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि शहर में अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए प्रतिदिन आबकारी विभाग की मॉनिटरिंग होती है। अवैध शराब, मनमाने रेट पर शराब बेचने और लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन करने वाले, लाइसेंस शराब ठेकेदारों की भी डे टू डे मॉनिटरिंग की जा रही है। 1 अप्रैल से 15 दिसंबर तक आबकारी विभाग ने 6 हजार 600 केस रजिस्टर्ड कर करीब 6 हजार से ज्यादा अवैध शराब तस्करों को पकड़ा है। इस कार्रवाई में 35 हजार 146 बल्क लीटर शराब, 85 किलो 760 ग्राम महुआ लाहन और 981 किलो भांग जब्त की है। जिसकी कीमत 3 करोड़ 67 लाख 50 हजार है। वहीं 88 दो पहिया वाहन, 5 तीन पहिया और 8 चार पहिया वाहन भी जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 1 करोड़ 29 लाख 58 हजार 400 रुपए है।


