अमृतसर| तहसील कॉम्प्लेक्स में रास्ता कवर कर आगे की तरफ हिस्सा बढ़ा चैंबर बनवाने की शिकायत डीसी साक्षी साहनी के पास पहुंचते ही तत्काल अफसरों को तोड़ने का आदेश दिया। निगम अफसरों को खुद फोन कर जेसीबी व मुलाजिम भेजने को कहा। तहसीलदार को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट लगाया गया व पुलिस को भी मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। डीसी की सख्ती के बाद टीमें देर रात करीब 7 बजे कॉम्प्लेक्स पहुंच गईं। अवैध चैंबर को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। देर रात 8 बजे तक दो अवैध चैंबर तोड़ दिए गए। यह दोनों ही चैंबर बिना डीसी की मंजूरी लिए बनाए जा रहे थे। ड्यूटी मैजिस्ट्रेट कम तहसीलदार से महिला वकील व उसके डीएसपी पिता ने बहसबाजी भी की। जिससे यहां मौजूद लोगों में चर्चा का विषय बना रहा कि कानून के रखवाले ही नियम तोड़ रहे। जब प्रशासन एक्शन ले रहा तो कार्रवाई में बाधा डालने से बाज नहीं आए। इतनी बड़ी पोस्ट पर होने के बाद भी तहसील में कब्जा करके चैंबर बनाया जा रहा। बता दें कि करीब 34 माह में 3 डीसी बदल चुके। लेकिन अवैध चैंबर बनाने को लेकर सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। इसके पहले दो डीसी बदल चुके जिनके नोटिस में चैंबरों के रेनोवेट होने से लेकर अवैध तरीके से बनाए जाने की शिकायत दी। लेकिन कोई एक्शन लेना जरूरी नहीं समझा। जिससे पॉवरफुल व रसूखदारों के हौसले बढ़ते गए और डीसी की मंजूरी लिए बिना कई अवैध चैंबर बना लिए गए। गौर हो कि जुलाई-2022 में तत्कालीन डीसी हरप्रीत सिंह सूदन ने एसडीएम को जांच सौंपी तब बिना मंजूरी करीब 55 चैंबर बन चुके थे तो 200 अवैध बिजली कनेक्शन लगाने की बात सामने आई थी। तब ऐसे सभी अवैध चैंबरों को चिन्हित किया जा रहा था जो अवैध तरीके से बनाए जा चुके। ताकि सभी को एकसाथ तोड़ा जा सके। हालांकि कार्रवाई से पहले ही डीसी का तबादला हो गया। फिलहाल जिस तरह का एक्शन लिया गया इससे साफ है कि अवैध चैंबर बनाने वालों की खैर नहीं होगी। प्रशासन-पुलिस की मिलीभगत पाई गई तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय एक्शन होगा। तहसील कॉम्प्लेक्स में अवैध चैंबर तोड़ने की कार्रवाई महज 5 घंटे में पूरी की गई। दोपहर करीब ढाई बजे डीसी की नोटिस में यह मामला लाया गया था। जिसके बाद अंदरखाते कागजी कार्रवाई शुरू की गई। चैंबरों की डिटेल तैयार हुई। जब यह पुष्टि कर लिया गया कि रास्ता कवर करके अवैध तरीके से चैंबर बनाया है तो एक्शन के आदेश हो गए। कार्रवाई के दौरान एक मिनट दो सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक महिला बोल रही थी मैं लायर हूं मैम। बाकी का मेरे पास सेंक्शन है। जो अगला बढ़ाया है। मुझे एक टाइम दे दो। जिस पर तहसीलदार ने कहा कि वही अगला ही तोड़ना है।


