पंचकूला में आयोजित 8वीं डिफेंस क्लब ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बोधि धर्मन मार्शल आर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। 25 जनवरी को हुई इस प्रतियोगिता में अकादमी की ओर से 9 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कुल 11 पदक जीतकर अपनी अकादमी का नाम रोशन किया। अकादमी के खिलाड़ियों ने क्योरुगी (फाइट) और बोर्ड ब्रेकिंग स्पर्धाओं में जबरदस्त कौशल दिखाया। मन्नत भुट्टा और लीजा सैनी ने दो-दो स्वर्ण पदक (कुल 4 गोल्ड) हासिल किए। वहीं, परमवीर और शिवा ने क्योरुगी स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रजत पदक जीतने वालों में तनुष और गुंजन (क्योरुगी) शामिल रहे, जबकि प्रिया, सक्षम और युवराज ने बोर्ड ब्रेकिंग स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किए। खिलाड़ियों के इस सामूहिक प्रदर्शन के चलते अकादमी को प्रतियोगिता की बेस्ट टीम के खिताब से नवाजा गया। कोच हरी नारायण श्रेष्ठा ने सभी विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया और भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।


