भास्कर न्यूज | जालंधर स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से राजस्थान के उदयपुर में आयोजित 69वें नेशनल स्कूल गेम्स हॉकी अंडर-19 प्रतियोगिता में पंजाब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। प्रतियोगिता से लौटने पर पंजाब टीम के कोच व अंतरराष्ट्रीय अंपायर गुरिंदर सिंह संघा और टीम के तीन खिलाड़ी आकाशदीप सिंह, सूरज और सुमित राजा जो सभी ओलिंपियन मनप्रीत सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मिट्ठापुर के स्टूडेंट हैं उनका स्कूल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल सीमा चोपड़ा व स्टाफ ने खिलाड़ियों और कोच को सम्मानित किया। प्रिंसिपल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और स्कूल भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग देता रहेगा। कोच संघा ने भी खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना की। पंजाब टीम की इस सफलता पर स्कूल परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। कोच गुरिंदर सिंह संघा व खिलाड़ियों के साथ प्रिंसिपल सीमा चोपड़ा व अन्य।


