ताज महोत्सव के कलाकार तय न होने पर भड़कीं मंडलायुक्त:ताज महोत्सव समिति की बैठक में डीएम को दिए 7 दिन में कार्यक्रम-कलाकार फाइनल के निर्देश

मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में मंगलवार को ताज महोत्सव समिति की बैठक हुई। इसमें अगले महीने होने वाले महोत्सव के कार्यक्रम और कलाकार तय न होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। साथ ही प्रचार-प्रसार की अब तक कोई तैयारी न होने पर भड़क गईं।
इस बार के महोत्सव की अब तक थीम तय नहीं हो सकी। इसके लिए मंडलायुक्त ने 3 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। आम जनमानस से और सुझाव मांगने के निर्देश दिए हैं। आयोजन के प्रचार-प्रसार एवं डियायन-प्रिटिंग एजेंसी के चयन के लिए अभी तक निविदा जारी नहीं करने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की गई।
उन्होंने जल्द निविदा जारी करने एवं 15 जनवरी तक सभी प्रोजेक्ट के लिए एजेंसी फाइनल करने के निर्देश दिए। विगत 4 व 5 जनवरी को हुए कलाकारों के ऑडीशन से सर्वश्रेष्ठ कलाकारों का जल्द चयन करने के निर्देश दिए जो ताज महोत्सव के अन्तर्गत विभिन्न स्थल पर सजे मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे।
डीएम को दिए निर्देश
वहीं ताज महोत्सव के अंतर्गत सभी जगहों पर होने वाले इवेंट व कार्यक्रमों और कलाकारों की सूची तैयार न होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की गई। मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि समिति के अन्तर्गत इवेंट और सभी सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित गठित की गयी समितियों के साथ बैठक करें।
सूर सरोवर कीठम, ग्यारह सीढ़ी, ताज खेमा, यमुना आरती स्थल, फतेहपुर सीकरी, सदर बाजार, आई लव आगरा सेल्फी पॉइंट आदि जगहों पर होने वाले कार्यक्रम और कलाकारों के नाम की सूची एक सप्ताह के अंदर तैयार करवायें।
कलाकारों की फाइनल सूची तैयार की जाए
विगत वर्ष ताज महोत्सव में आयोजित हुए नाट्य उत्सव, मुशायरा, ड्रामा, स्टैण्ड अप काॅमेडी के लिए आयोजकों से संपर्क कर कलाकारों का चयन फाइनल किया जाए। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण कराने के लिए एक ऑफिशियल व संबंधित निजी आयोजक को जिम्मेदारी दी जाए।
एएसआई से ली जाए स्वीकृति
शिल्पग्राम में स्टाॅल आंवटन की समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि 39 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। मंडलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि हैण्डलूम, हैण्डीक्राफ्ट, सरस आदि विभागों-संस्थाओं से समन्वय कर ज्यादा से ज्यादा स्टाॅल लगाये जाएं। प्रदेश के सभी जिलों से ओडीओपी की स्टाॅलें लगवाई जाएं।
ग्यारह सीढ़ी में होने वाले सभी आयोजन की एएसआई से स्वीकृति लेने के लिए पत्राचार करने के निर्देश दिये। ताज महोत्सव टिकट की ऑनलाइन बिक्री के लिए क्यूआर कोड, माय सिटी एप और बुक माय शो के माध्यम से टिकट खरीद की सुविधा दी जाए। इसके अलावा कलाकृति में एक बड़ा इवेंट शो करवाने के लिए प्रयास करने तथा सभी वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरून्मौली, नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, सीडीओ प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकरी अनूप सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, अपर नगर आयुक्त सुरेन्द्र कुमार, राजकीय उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय, गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *