पत्नी का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के दो हजार रुपये मांगे:हरदोई में पैसे नहीं देने पर पति का ही बना दिया, डीएम से शिकायत के बाद ग्राम सचिव निलंबित

हरदोई में पत्नी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने गए युवक से ग्राम सचिव ने दो हजार रुपये मांगे। देने से मना कर दिया तो पत्नी की जगह युवक का ही मृत्यु प्रमाण पत्र बना दिया। मामला डीएम तक पहुंचा तो महिला ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया गया। उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। युवक को पत्नी का मृत्यु प्रमाण पत्र सौंपा गया है। हरदोई जिले के कोथावां तहसील क्षेत्र के अटवा गांव के निवासी विश्वनाथ की पत्नी शांती की मौत 19 दिसंबर 2024 को हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद पति पत्नी का मृत्यु प्रमाण बनवाने के लिए ग्राम सचिव सरिता देवी के पास गया था। दो दिन तक टाला, फिर दो हजार मांगे
आरोप है कि ग्राम सचिव ने पहले तो दो दिन तक उसे टालमटोल किया। बाद में 2000 रुपये की रिश्वत की मांग की। जब विश्वनाथ ने पैसे देने से मना कर दिया, तो ग्राम सचिव ने 3 जनवरी को उसकी पत्नी की जगह उसका खुद का मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर दिया। पीड़ित ने डीएम से की शिकायत
विश्वनाथ ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से की। इसके बाद डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया। महिला ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया गया। उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई। साथ ही, युवक को उसकी पत्नी का सही मृत्यु प्रमाण पत्र सौंपा गया। इस घटना ने सरकारी कार्यों में भ्रष्टाचार की परत को उजागर किया है, जहां एक अधिकारी ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा का उल्लंघन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *