तापमान में उछाल, चित्तौड़गढ़ में सर्दी का असर बरकरार:मौसम विभाग का अनुमान – आने वाले दिनों में फिर बढ़ेगी ठंड

राजस्थान में मौसम लगातार करवट बदल रहा है और इसका असर चित्तौड़गढ़ में भी साफ तौर पर देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में अचानक 2.6 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया है, लेकिन इसके बावजूद ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सुबह और शाम के समय लोगों को अभी भी सर्दी का एहसास हो रहा है। खासकर ग्रामीण इलाकों में ठंडी हवाओं के कारण ज्यादा ठंड का एहसास होता हैं। मौसम में यह बदलाव आमजन की दिनचर्या पर भी असर डाल रहा है। बादल और धूप की आंख-मिचौली गुरुवार सुबह से ही चित्तौड़गढ़ के आसमान में बादल और धूप की लुका-छुपी देखने को मिली। कभी आसमान पूरी तरह बादलों से ढक जाता है तो कुछ ही देर बाद हल्की धूप निकल आती है। इस बदलते मौसम के कारण तापमान में स्थिरता नहीं बन पा रही है। मौसम में ठंडक अभी भी महसूस की जा रही है। मौसम का यह मिजाज लोगों को असमंजस में डाल रहा है कि सर्दी कम हो रही है या अभी और बढ़ेगी। अलर्ट नहीं, फिर भी मौसम में उतार-चढ़ाव हालांकि चित्तौड़गढ़ जिले के लिए मौसम विभाग ने किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है, फिर भी मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन और रात के तापमान में फर्क बना हुआ है। कभी तापमान थोड़ा बढ़ जाता है तो अगले ही दिन गिरावट दर्ज की जाती है। इसी वजह से लोग बदलते मौसम को लेकर सतर्क भी नजर आ रहे हैं। दिन और रात के तापमान का हाल मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को चित्तौड़गढ़ में दोपहर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले मंगलवार को दिन का तापमान 26.8 डिग्री और रात का तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी अधिकतम तापमान में सिर्फ 0.6 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री का उछाल आया है। इसके बावजूद रात और सुबह के समय ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस से फिर बदल सकता है मौसम इधर मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि राजस्थान के कई जिलों में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों बाद न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। ऐसे में चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में सर्दी एक बार फिर तेज हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी कुछ दिन तक मौसम इसी तरह बदलता रहेगा और लोगों को ठंड व हल्की गर्मी, दोनों के लिए तैयार रहना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *