बोकारो समेत झारखंड के कई जिलों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। बीते कुछ दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। घने कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव सहित विभिन्न जुगाड़ का सहारा ले रहे हैं। शुक्रवार को बोकारो का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। स्कूली बच्चों को ठंड के कारण हो रही परेशानी सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और काम पर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद परिजन भी बच्चों को स्कूल भेजने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। शाम होते ही सार्वजनिक स्थानों और चौक-चौराहों पर लोग अलाव जलाकर खुद को गर्म रखने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दो-तीन दिन बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार आने की संभावना है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ठंड से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन तब तक लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। रात में शीतलहर और कोहरा जारी रहने की जताई संभावना राज्य के उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार के साथ-साथ मध्यवर्ती जिलों रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में शीतलहर का असर अधिक देखा जा रहा है। इन इलाकों में रात के समय तापमान काफी नीचे चला जा रहा है, वहीं सुबह कोहरा छाया रहता है। इससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। विभाग ने मौसम बिगड़ने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से लगातार अपडेट रहने को कहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक शीतलहर और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।


