तालाब में डूबने से भाई-बहन समेत 4 बच्चों की मौत:इनमें 3 बच्चियां और एक लड़का, सभी की उम्र 5-8 साल, कपड़े-चप्पल देखकर चला पता

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार दोपहर तालाब में नहाने गए भाई-बहन समेत 4 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मरने वालों में 3 लड़कियां और एक लड़का शामिल है। चारों बच्चे अलग-अलग तीन परिवार के थे। घटना बलोदा थाना क्षेत्र के भैंसतरा गांव की है। मिली जानकारी के मुताबिक मृत बच्चों में 8 साल पुष्पांजली श्रीवास, 5 साल का तुषार श्रीवास, 6 साल की ख्याति केंवट और 6 साल की अंबिका यादव शामिल हैं। पुष्पांजली श्रीवास और तुषार भाई-बहन हैं। बलोदा पुलिस ने बच्चों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानिए क्या है पूरा मामला ? शनिवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच चारों बच्चे स्कूल से लौटे। घर में बैग रखकर तालाब की ओर चल दिए। तालाब उनके घरों से अधिक दूर नहीं था। यह गांव में रोजमर्रा की एक सामान्य बात थी। बच्चे गर्मी में तालाब में नहाते थे, लेकिन इस बार बड़ा हादसा हो गया। परिजनों ने बताया कि कुछ समय बाद जब बच्चे वापस नहीं लौटे, तो परिजन परेशान हुए। उनकी खोज में निकल पड़े। तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े देखे गए, जिससे अनहोनी का शक हुआ। ग्रामीणों ने पानी में तलाश शुरू की। कुछ ही देर में चारों को बाहर निकाला गया। अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जीवन नहीं बच सका इसके बाद परिजन तुरंत सीएचसी बलौदा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर्स ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की सूचना मिलने पर बलौदा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। भैंसतरा गांव में चार बच्चों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में मातम छा गया है। एक साथ चार अर्थियां सजने की खबर ने हर आंख नम कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीण भी स्तब्ध हैं कि ऐसा हादसा कैसे हो गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद की जाएगी कार्रवाई बलौदा थाने की पुलिस ने पुष्टि की है कि बच्चों की मौत डूबने से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिवत कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच में कोई आपराधिक तत्व सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। …………………………… इससे संबंधित और भी खबर पढ़ें… नहर में डूबे 2 दोस्त…36 घंटे बाद मिला दूसरा शव: बैलेंस बिगड़ने से 15 फीट गहराई में चले गए; रायपुर मंत्रालय में पोस्टेड थे दुर्ग जिले के सेलूद क्षेत्र से गुजरने वाली तांदुला नहर में दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। दोनों नया रायपुर मंत्रालय में पदस्थ थे। घटना 14 अप्रैल की है जब तीन दोस्त बिलाई माता मंदिर के दर्शन करने धमतरी गए थे। वहां से दर्शन कर लौट रहे थे तभी नहर में पानी का बहाव देख एन्जॉय करने रुके। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *