स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। राज्य के 7 नगरीय निकायों का चयन स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया है। इन सभी निकायों को आगामी 17 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। इस मौके पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे। इन निकायों को मिलेंगे राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदेश के तीन निकाय को प्रेसिडेंट अवॉर्ड दिया जाएगा वही रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्यों के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की तरफ से मंत्रिस्तरीय पुरस्कार दिया जाएगा । सुपर स्वच्छता लीग (SSL) में चयनित नगर स्वच्छता में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले नगरों के लिए इस बार पहली बार सुपर स्वच्छता लीग की शुरुआत की गई है। छत्तीसगढ़ के 3 नगरीय निकायों को इसमें स्थान मिला है। अंबिकापुर नगर निगम (50,000 – 3 लाख आबादी वर्ग), पाटन नगर पंचायत (20,000 से कम आबादी) और विश्रामपुर नगर पंचायत (20,000 से कम आबादी)। स्वच्छता के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले शहरों को पहचान देने के लिए इस साल सुपर स्वच्छता लीग (एसएसएल) नामक एक विशेष श्रेणी की शुरुआत की गई है। इस लीग में वे शहर शामिल किए गए हैं, जो पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त कर चुके हैं। वर्तमान वर्ष में अपनी संबंधित जनसंख्या श्रेणी में शीर्ष 200 में बने हुए हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने दी बधाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित सातों नगरीय निकायों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम ने कहा “यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। स्थानीय निकायों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का यह परिणाम है। आने वाले वर्षों में और अधिक नगरीय निकायों को यह सम्मान मिले, ऐसी हम आशा करते हैं।”


