तालाब में डूबने से रिटायर्ड प्रिंसिपल की मौत:सुबह साइकिल से घूमने निकले, घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने की तलाश, तालाब के पास मिले कपड़े

बिलासपुर में सुबह साइकिल पर घूमने निकले रिटायर्ड प्राचार्य की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस दौरान जब वो अपने घर नहीं पहुंचे, तब परेशान परिजनों ने उनकी तलाश की। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी वीडियो की मदद से पुलिस ने उनका लोकेशन ट्रेस किया, तब पता चला कि तालाब के पास उनके पकड़े पड़े हैं। दोपहर में जब तालाब में जाल डाला गया तो उनकी लाश मिली। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। अशोक नगर-खमतराई रोड स्थित शर्मा विहार कॉलोनी निवासी सुशील कुमार तिवारी (65) रिटायर्ड प्राचार्य थे। रोज की तरह वो सुबह साढ़े 5.30 बजे घूमने के लिए साइकिल से निकले थे। सुबह 8.30 बजे तक जब वो घर नहीं पहुंचे तो पत्नी ने उनके मोबाइल पर कॉल किया। लेकिन, उनका मोबाइल बंद मिला, जिसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों के साथ ही रायपुर में रहने वाले अपने बेटे को फोन किया। साथ ही पुलिस को घटना की जानकारी दी। सीसीटीवी में साइकिल पर जाते दिखे रिटायर्ड प्राचार्य
इस दौरान पड़ोसी विनोद तिवारी उनकी पत्नी सुष्मिता तिवारी को लेकर सरकंडा थाना पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस दौरान विनोद तिवारी ने पुलिस की मदद से आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तब रिटायर्ड प्राचार्य तिवारी साइकिल पर तालाब की तरफ जाते दिखे। तालाब के पास मिले कपड़े, साइकिल व मोबाइल गायब
दोपहर में विनोद तिवारी पुलिस की टीम के साथ अन्य लोगों को लेकर तालाब के पास पहुंचे, तब उनका कपड़ा मिला। लेकिन, साइकिल और मोबाइल गायब थे। इस पर उन्हें संदेह हुआ। इस दौरान तालाब में जाल डालकर देखा गया, तब पानी के अंदर से उनकी लाश निकली। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को उनका पोस्टमार्टम किया गया। साइकिल व मोबाइल ले गए थे युवक
बताया जा रहा है कि साइकिलिंग के दौरान रिटायर्ड प्राचार्य को शौच लगा। लिहाजा, वो तालाब के पास गए, जहां शौच करने के लिए गए थे। इस दौरान पैर फिसलने से वो गहरे पानी में समा गए और उनकी मौत हो गई। वहां मौजूद एक युवक उनकी साइकिल को लावारिस देखकर उठाकर ले गया था। वहीं, दूसरा युवक उनके पेंट की जेब में रखे मोबाइल लेकर भाग गया था। पुलिस ने उन दो लड़कों को भी पकड़ लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *