बूंदी के सदर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में गुरुवार दोपहर तालाब में डूबने से 3 वर्षीय बच्चे सीनू की मौत हो गई। बालक अपनी मां के साथ तालाब पर गया था। क्षेत्रवासियों ने बताया कि सीनू की मां तालाब पर कपड़े धो रही थी, जबकि सीनू तालाब के पानी में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक गहराई वाले हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया। जब मां को सीनू आसपास नजर नहीं आया, तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। मां की आवाज सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और बालक को तालाब से बाहर निकाला। बालक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्यवाही कर रही है।


