ताला तोड़कर गोलक से 50 हजार रुपए ले फरार

भास्कर न्यूज | लुधियाना ढंडारी खुर्द इलाके में स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में देर रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर दरबार हॉल के ताले तोड़कर अंदर घुसे और गोलक में पड़ी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके की संगत और सेवादारों में नाराजगी देखी जा रही है। गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सिंह कश्मीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह दो दिन पहले ही यहां सेवा के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि 3 फरवरी की दरमियानी रात को चोरों ने गुरुद्वारा साहिब को निशाना बनाया। आरोप है कि चोरों ने पहले दरबार हॉल के मुख्य ताले तोड़े और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद गोलक का ताला तोड़कर संगत द्वारा चढ़ाई गई नकदी चोरी कर ली। ग्रंथी सिंह के अनुसार गोलक में करीब 50 हजार रुपए थे। सुबह जब वह दरबार हॉल पहुंचे तो ताले टूटे देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद तुरंत गुरुद्वारा प्रबंधकों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना फोकल पॉइंट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *