तिलैया डैम में रिटायर्ड टीटीई ने दी जान:शनिवार से लापता थे 62 साल के रवींद्र सिंह, मानसिक परेशानी से जूझने की बात आ रही सामने

कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से लापता ​​​​गझंडी निवासी 62 वर्षीय सेवानिवृत्त टीटीई रविंद्र सिंह का शव रविवार को चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहरघाट स्थित तिलैया डैम से बरामद किया गया। वे शनिवार दोपहर से लापता थे। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है और मामले की जांच में जुट गई है। कोडरमा जाने के लिए निकले थे घर से जानकारी के अनुसार, गझंडी निवासी रविंद्र सिंह शनिवार दोपहर को कोडरमा जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वे तिलैया डैम की ओर गए, जहां से वे लापता हो गए। जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान उनके एक परिचित ने बताया कि उन्होंने रविंद्र सिंह को दोपहर करीब 12.30 बजे तिलैया आने के क्रम में जवाहर घाट के पास देखा था। परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे तुरंत बाइक से जवाहर घाट पुल पहुंचे, लेकिन रविंद्र सिंह वहां नहीं मिले। खोजबीन के क्रम में पुल पर उनका चप्पल बरामद हुआ, जिससे परिजनों और पुलिस को यह आशंका हुई कि वे डैम में कूद गए हैं। हालांकि मौके पर मौजूद नाविकों ने किसी को डैम में कूदते हुए देखने की पुष्टि नहीं की थी। डैम से बरामद हुआ शव शनिवार को ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने डैम में उनकी खोज शुरू की, लेकिन लगातार बारिश के कारण तलाश में काफी परेशानी आई। इसके बाद रविवार सुबह मछुआरों और नाविकों की मदद से खोजबीन फिर शुरू हुई। करीब 11 बजे उनका शव डैम से बरामद किया गया। परिजनों के अनुसार, रविंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। वहीं, शव मिलने के बाद चंदवारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। बता दें कि रविंद्र सिंह पिछले वर्ष ही टीटीई पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *