पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक दुखद घटना सामने आई। प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रामपुरहाट-साहिबगंज पैसेंजर ट्रेन में चढ़ते समय 55 वर्षीय नीलकमल निराला का संतुलन बिगड़ गया। वे ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। मृतक बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के सोभनाथपुर के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही रेल पीपी में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक हरिश्चंद्र लोहरा मौके पर पहुंचे। मृतक की तलाशी में उनके पास से एक मोबाइल और साहिबगंज का रेलवे टिकट मिला। परिजनों को जीआरपी ने दी सूचना जीआरपी ने मोबाइल में मिले नंबरों के माध्यम से मृतक की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने जल्द ही पाकुड़ पहुंचने की बात कही। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू की। जीआरपी और आरपीएफ नियमित रूप से यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूकता अभियान चलाते हैं। फिर भी कई यात्री जल्दबाजी में लापरवाही बरतते हैं, जिससे ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं।


