चित्तौड़गढ़| राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत एक जिला, एक खेल परियोजना में जिले में कबड्डी प्रतिभा खोज कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 14 से 18 वर्ष तक के छात्रों एवं छात्राओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रशिक्षण शिविर में आमंत्रित किया जाएगा, जिसमें उन्हें आवास, पोषण, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं, खेल किट और शैक्षणिक भ्रमण की सुविधा प्रदान की जाएगी। कबड्डी प्रतिभा खोज कार्यक्रम के पहले दिन मंगलवार को भदेसर, निम्बाहेड़ा, डूंगला, बड़ीसादड़ी ब्लॉक से खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। पंजीकरण जिला मुख्यालय इंदिरा गांधी स्टेडियम में सुबह दस बजे से शुरू होगा और चयन प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चलेगी। जिला खेल अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से अनुरोध किया कि वे अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक खाता बुक की छाया प्रति अनिवार्य रूप से लाएं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवा खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें उच्च स्तर पर प्रशिक्षण एवं खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए तैयार करना है।


