तीन साल बाद शुरू होगा कवर्धा का हाईटेक बस स्टैंड, जनवरी के अंत तक करेंगे शिफ्टिंग

कवर्धा शहरवासियों का 3 साल लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। करोड़ों रुपए की लागत से तैयार नया हाईटेक बस स्टैंड इसी महीने के आखिर तक शुरू होने जा रहा है। बस स्टैंड का भवन पहले ही बनकर तैयार था, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं होने के कारण अब तक संचालन शुरू नहीं हो सका था। अब ठाकुर देव चौक से घोठिया रोड होते हुए नए बस स्टैंड तक बनाई जा रही सड़क का 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है, जिससे शिफ्टिंग की राह लगभग साफ हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि जनवरी 2026 में ही बस स्टैंड की शिफ्टिंग कर दी जाएगी। बस स्टैंड परिसर में सफाई और रंगाई-पुताई का काम पूरा हो चुका है। बिजली फिटिंग और तकनीकी कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। 10 करोड़ का बस स्टैंड, सड़क नहीं होने से बंद था: आधुनिक सुविधाओं से लैस नया बस स्टैंड 10 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इसमें यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग, दुकानें और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क कनेक्टिविटी नहीं होने से पिछले 3 वर्षों से बस स्टैंड खाली पड़ा रहा। इस दौरान यात्रियों को पुराने और संकरे बस स्टैंड से ही सफर करना पड़ रहा था। बस स्टैड शुरू होने के बाद शहर के भीतर जाम से राहत मिलने की आस नया बस स्टैंड शुरू होने से शहर के भीतर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान बस स्टैंड शहर के व्यस्त वाले इलाके में स्थित है, जहां दिनभर ट्रैफिक दबाव बना रहता है। वहीं पुराना बस स्टैंड अब छोड़ा पड़ने लगा है। नया बस स्टैंड शहर के बाहरी हिस्से में होने से भारी वाहनों की आवाजाही शहर से बाहर शिफ्ट हो जाएगी। बहरहाल सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। सफाई, रंगाई पूरी, बिजली फिटिंग का काम चल रहा हाईटेक बस स्टैंड भवन में सफाई और रंगाई- पुताई पूरी हो चुकी है। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और दुकानों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वर्तमान में बिजली फिटिंग, लाइटिंग और अन्य इलेक्ट्रिकल कार्य चल रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शेष 30 फीसदी काम तेजी से किया जा रहा: नपाध्यक्ष नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के अनुसार, अब पाइप लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा कर लिया गया है। सड़क का शेष 30 फीसदी कार्य तेजी से किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि मौसम और तकनीकी बाधा नहीं आई, तो तय समय सीमा में सड़क पूरी कर ली जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *