तीन साल में 80 मरीजों के आंखों के ऑपरेशन कराए, 15 टॉयलेट बनवाए

भास्कर न्यूज | लुधियाना पिछले 3 सालों से बंधू हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन महिलाओं को न्याय दिलाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और जरूरतमंदों की मदद करने में अहम भूमिका निभा रहा है। अब तक 100 से अधिक महिलाओं को स्किल डेवलपमेंट सेंटर के जरिए सिलाई, कंप्यूटर और पर्सनालिटी डेवलेपमेंट की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। 70 से अधिक बच्चों की शिक्षा में सहयोग किया गया, जबकि 80 मरीजों की आंखों के ऑपरेशन करवाए गए। महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार के मामलों में भी फाउंडेशन ने हस्तक्षेप कर चार लड़कियों को न्याय दिलाने के साथ-साथ दोषियों को सजा दिलवाई। 80 गांवों में जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और 15 परिवारों को टॉयलेट सुविधा दिलाई गई। फाउंडेशन की संस्थापक समरता कौर बताती हैं कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर महिलाओं के हक में आवाज उठानी शुरू की, तो दोस्तों ने उन्हें प्रत्यक्ष रूप से समाज सेवा में आने की सलाह दी। इसके बाद नौ लोगों के साथ मिलकर इस फाउंडेशन की नींव रखी गई, जो अब 300 से अधिक सदस्यों का एक मजबूत संगठन बन चुका है। बंधू हेल्पिंग हैंड्स महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समराला चौक, हरचरण नगर में स्किल डेवलपमेंट सेंटर चला रहा है। यहां महिलाओं को सिलाई, कंप्यूटर ट्रेनिंग और पर्सनालिटी डेवलपमेंट के कोर्स कराए जाते हैं। अब तक 100 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा, सैकड़ों जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *