पार्षदों व दुकानदारों ने जनकपुरी में अतिक्रमण हटाने का किया विरोध, कार्रवाई बीच में रुकवाई, निगम टीम लौटी

भास्कर न्यूज | लुधियाना अतिक्रमण पर कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की तहबाजारी की टीम को दुकानदारों और पार्षदों का विरोध झेलना पड़ा। पार्षदों ने विरोध कर अतिक्रमण की कार्रवाई को बीच में रुकवा दिया। आप और भाजपा पार्षद ने कहा कि जनकपुरी में अतिक्रमण की समस्या का हल जरूर निकाला जाएगा, लेकिन किसी का रोजगार समाप्त करके हल निकालना सही कदम नहीं है। नगर निगम के कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने ग्रीन बेल्टों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आदेश दिए हैं। इसी क्रम में वीरवार को जनकपुरी मेन मार्केट में अतिक्रमण हटाना था। इसके लिए नगर निगम के चारों जोन के इंस्पेक्टरों द्वारा संयुक्त रूप से टीम गठन किया गया। टीम जनकपुरी मेन मार्केट में अतिक्रमण हटाने पहुंची, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। रेहड़ी-फड़ी वालों ने इसकी सूचना स्थानीय पार्षदों को दी। सूचना पर भाजपा के पार्षद गौरवजीत गोरा और आम आदमी पार्टी के पार्षद निक्कू भारती मौके पर पहुंचे। दोनों पार्षदों द्वारा तहबाजारी इंस्पेक्टरों से बातचीत की और कार्रवाई को रोकने की बात कही। टीम ने कहा कि कमिश्नर की ओर से कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इस दौरान दुकानदारों की ओर से विरोध को देखते हुए पार्षदों ने कार्रवाई को रुकवा दिया। हालांकि, तहबाजारी की टीम ने 2 दर्जन से अधिक रेहड़ियों को जब्त कर लिया। जोन बी के टीम प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि तहबाजारी की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की थी। कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। विधायक से बात कर जगह निर्धारित कराई जाएगी : निक्कू पार्षद निक्कू भारती ने कहा कि सब्जी बेचने वाले या रेहड़ी फड़ी लगाने वाले करीब पिछले 30 वर्ष से बाजार में रेहड़ी फड़ी लगा रहे है। हलका विधायक और सरकार से इस संबंध में बातचीत की जाएगी। रेहड़ी वालों के लिए कोई जगह निर्धारित करने के लिए मांग की जाएगी ताकि वह अपना कारोबार कर सके। निक्कू ने कहा कि रेहड़ियां लगाने वाले लोग नशा नहीं बेच रहे हैं और वह सिर्फ सब्जी या अन्य जरूरत का सामान बेच रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *