हनुमानगढ़ की रावतसर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुंदर ज्याणी को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर न्यायालय में पेश किया गया। यह मामला हरियाणा के निमला गांव के मातोश्री किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप की लूट से जुड़ा है। तीन बदमाशों ने हथियार दिखाकर नकदी लूटी थी। वारदात के बाद आरोपी रावतसर थाना क्षेत्र में आए थे। पुलिस ने जब बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों दीपक कुमार और अजय कुमार को मौके पर ही पकड़ लिया। उनके पास से एक लाख साठ हजार रुपए नकद, दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए। तीसरा आरोपी सुंदर ज्याणी मौके से भाग निकला था। थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के अनुसार, सुंदर ज्याणी हरियाणा के आदमपुर का रहने वाला है। उस पर पहले से छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।


