मुरैना, ग्वालियर, दतिया के बुजुर्गों को लेकर तिरुपति श्रीकाल हस्ती जाने वाली स्पेशल ट्रेन का समय अत्यधिक ठंड के कारण बुजुर्गों को परेशान करेगा। यह ट्रेन मुरैना से 8 बजे, ग्वालियर से 8.45 बजे रवाना होगी। पूर्व से चली आ रही व्यवस्था के मुताबिक स्टेशन पर बुजुर्गों को दो घंटे पहले पहुंचना होगा। वहीं द्वारिका-सोमनाथ यात्रा के लिए जमा हुए फॉर्म के ड्रा मंगलवार को निकाला गया। मंगलवार को तिरुपति यात्रा पर जाने वाले बुजुर्गों को एडवाइजरी जारी की गई। सभी से कहा गया है कि अपने साथ ठंडे मौसम के मुताबिक कपड़े, दवाइयां, दैनिक उपयोग की सामग्री लेकर प्लेट फॉर्म नंबर 4 पर पहुंचे। सभी से एक जनवरी को सुबह 7 बजे तक स्टेशन पहुंचने के लिए कहा गया है ताकि यात्रा से पहले की कुछ औपचारिकताएं पूरी हो सकें। बुजुर्गों के अपने साथ मूल आधार, वोटर कार्ड व आयकरदाता नहीं होने का प्रमाण पत्र भी लेकर पहुंचना है। इस यात्रा पर ग्वालियर से 179 यात्री रवाना होंगे। इनकी वापसी सात दिन बाद सुबह 9.30 बजे ही होगी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में द्वारिका- सोमनाथ यात्रा के लिए भी ड्रा हुआ। इस यात्रा पर 200 बुजुर्ग रवाना होंगे पर फॉर्म 1467 ने भरे थे। इनमें सर्वाधिक 944 आवेदन शहरी क्षेत्र के 66 वार्ड से थे। द्वारिकी की यह यात्रा 11 जनवरी को रवाना होगी और इसकी वापसी 17 को होगी।


