महासमुंद से तुमगांव जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य में ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां निर्माणधीन सड़क निर्माण में पुलिया की स्तरहीन सीमेंट की पाइप लगाई गई है। जो टूट गई है। इससे खतरा बना हुआ है। किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानिक साहू ने कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग से शिकायत की है। और ठेकेदार एमएस जेडी कंस्ट्रक्शन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, सड़क के बीचों-बीच पानी की निकासी के लिए लगाई गई पाइपें पुरानी, और टूटी-फूटी हैं। भारी वाहनों के दबाव से ये पाइपें कभी भी धंस सकती हैं, जिससे बड़ा सड़क हादसा हो सकता है और यात्रियों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। पूरी सड़क घटिया सामग्री से बनाई गई है। पानी निकासी की ये खराब पाइपें निर्माण की निम्न गुणवत्ता की पोल खोल रही हैं। “सड़क के बीच में लगी दोनों पाइपें पुरानी और टूटी हुई हैं। बाहरी वाहनों के चलने से ये कभी भी टूट जाएंगी, बिना पता चले बड़ा हादसा हो सकता है” शिकायत में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। इसके अलावा ठेकेदार पर ग्राम कौंदकेरा के सार्वजनिक तालाब से अनुमति से दोगुना मुरुम की अवैध निकासी, घटिया सामग्री का उपयोग, सड़क की मोटाई-चौड़ाई में मानकों का उल्लंघन और सुरक्षा की पूरी अनदेखी के गंभीर आरोप लगे हैं। खतरनाक गढ्ढे हो जाने से मवेशी गिरने का खतरा है। निर्माण के दौरान न तो किसी तरह के दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सड़क पर पानी का छिड़काव हो रहा है। इससे गुजरने वाले राहगीर और वाहन चालक धूल से पूरी तरह सराबोर हो रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य समस्याएं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, ठेकेदार पर संरक्षण दे रहे अफसर: किसान कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ठेकेदार को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे कोई कार्रवाई नहीं हो रही।


