मौसम में हो रहे बदलाव के कारण महासमुंद जिले में इन दिनों सुबह-शाम शीतलहर और सर्दी तेज होने लगी है। शहर सहित ग्रामीण अंचल में लोग सुबह और शाम अलाव का सहारा लेते दिखाई देते हैं। नए साल में न्यूनतम तापमान में कमी के साथ ठंड तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा। बीते दिसंबर माह में भी तापमान में काफी उतार चढ़ाव बना रहा। वर्तमान में रात में शीतलहरी और दिन में धूप के चलते लोगों में स्वास्थ्य समस्या बढ़ गई हैं। मौसम के अचानक बदले तेवर से कई संक्रामक बीमारियों ने लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। इधर मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण मौसमी बीमारियों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इससे लोगांे का लगतार स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या दिनोदिन बढ़ रही है। सोमवार को करीब 690 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचे थे। करीब 200 से अधिक मरीजों में सर्दी-खांसी समेत अन्य लक्षण दिखे। आगामी सप्ताह में न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। इससे शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक रहेगी। पंचायत ने नहीं की अलाव की व्यवस्था: वहीं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव नहीं जलने से रात्रि में यात्रियों व राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अंचल में ग्रामीण शाम और सुबह अलाव तापते नजर आ रहे हैं। नगर पालिका और नगर पंचायतों में अलाव जलाने के लिए अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया ठंड से बचने अलर्ट सीएमएचओ डॉ. आई नागेश्वर राव ने लोगांे को गर्म कपड़े में ही जरूरी होने पर ही बाहर निकलने कहा है। ठंड में बाहरी फास्ट फूड से बचने और घर का गरम और ताजा भोजन लेने अपील की गई है। स्वास्थ्य समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उपचार करवाने कहा है। शीतलहर में बुजुर्गो और बच्चों को विशेष रूप से ठंड से बचाने सावधानी बरतने अपील की गई है।


