तेज आंधी के बाद हुई हल्की बूंदाबांदी, उमस से मिली राहत

रविवार शाम को फाजिल्का और आस-पास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 5 बजे के आसपास अचानक आसमान में घने बादल छाने के बाद तेज आंधी चलनी शुरू हो गई, जिससे सड़कों पर धूल का गुबार छा गया। आंधी के तुरंत बाद करीब आधे घंटे तक हल्की बूंदाबादी हुई, जिससे गर्मी और उमस से जूझ रही जनता को कुछ राहत मिली। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वाहन चालक जहां थे वहीं रुक गए। तेज आंधी के चलते फाजिल्का में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। हालांकि, बारिश अधिक देर तक नहीं हुई, लेकिन इसने वातावरण को ठंडा कर दिया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले शनिवार को भी दोपहर के समय मौसम ने करवट ली थी। दोपहर 3.30 से 4.30 बजे के बीच तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हुई थी। इस एक घंटे की बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई थी। लगातार दो दिन हुई बारिश से जहां किसानों को राहत मिली है। वहीं शहरवासियों को भी उमस भरी गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी या तेज बारिश के दौरान खुले स्थानों या कच्चे निर्माण वाली जगहों पर खड़े न हों, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। बहरहाल, मौसम के इस बदलाव ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाई है। वहीं आम जनजीवन को भी इससे कुछ राहत मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *