तेज बर्फीली हवाओं से गलन भरी सर्दी का अहसास:न्यूनतम तापमान 4 डिग्री;शनिवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा

अलवर में सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन तेज शीतलहर और बर्फीली हवाओं के चलते ठिठुरन कम होने का नाम नहीं ले रही। शनिवार को इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। दिनभर चली सर्द हवाओं के कारण गलन बनी रही। ठंडी हवाओं की वजह से खासतौर पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाइक चलाते समय ठंडी हवाएं सीधे हाथों पर लगने से लोग ठिठुरते नजर आए। शीतलहर इतनी तेज रही कि लोग धूप होने के बावजूद बाहर बैठने से कतराते रहे और अधिकतर लोग अपने घरों व कार्यालयों में ही रहे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। रविवार को अलवर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय सूरज निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिलती है। दरअसल शुक्रवार को जिले में हुई हल्की बारिश के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। शुक्रवार सुबह और दिन में हल्की बारिश हुई थी, वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। इसके बाद से ही ठंडी, हाड़ कंपा देने वाली बर्फीली हवाओं का दौर जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *