कोटा शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात माह की मासूम बालिका की मौत हो गई। मार्बल चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद परिजन घायल अवस्था में बच्ची को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बालिका की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र मात्र सात माह बताई जा रही है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मासूम की मां बार-बार यही कहती नजर आई कि बच्ची उनके साथ ही चल रही थी, तभी तेज रफ्तार वाहन ने अचानक टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। बच्ची की मां ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन तेज रफ्तार में थी। हादसे के बाद आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। आरकेपुरम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। आरकेपुरम थाना अधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट किया गया है और सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद से वाहन चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके। मृतका के परिजन इसी इलाके में मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं।


