मैहर थाना क्षेत्र के रेलवे ब्रिज के पास शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार (MP 19 CC 9354) ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिया। बेकाबू कार ने सड़क किनारे रखे सामान और एक खड़ी स्कूटी को टक्कर मारी, जिसके बाद तीन राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मैहर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया। कार के अंदर से शराब की एक बोतल भी बरामद हुई है, जिससे नशे में ड्राइविंग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह कार सतना जिले के नागौद निवासी शिवम उर्मालिया के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस अब फरार आरोपी चालक की तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह क्षेत्र आमतौर पर भीड़भाड़ वाला रहता है। घटना के समय भीड़ कम होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।


