भास्कर न्यूज | गांडेय गांडेय मधुपुर भाया मरगोमुंडा मुख्य सड़क पर अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंदनिया नावाडीह के समीप सड़क दुघर्टना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक जामताड़ा जिला के नारायणपुर थाना क्षेत्र मौजपुर गांव निवासी 40 वर्षीय विनोद सिंह है, जबकि घायल 21 वर्षीय हुकुम सिंह उर्फ छोटन सिंह है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के मौजपुर गांव निवासी विनोद सिंह और हुकुम सिंह दोनों सोमवार को मोटरसाइकिल से मरगोमुंडा गए हुए थे। वहां से लौटने के दौरान दोपहर दो बजे नावाडीह गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक चोकर लदा पिकअप वैन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे विनोद सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, हुकुम सिंह घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैन के साथ चालक व खलासी को अपने संरक्षण में ले लिया। घटना की सूचना पर ग्रामीण जुटे तथा मुआवजे की मांग को लेकर मधुपुर-पदनिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना पर गांडेय पुलिस इंस्पेक्टर कमाल खान, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, ताराटांड़ थाना प्रभारी सुशांत कुमार चिरंजीवी, झामुमो नेता प्रमोद राम,भीम सिंह, समाजसेवी मंजर आलम,जाम जोरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो कलाम अंसारी, बंजरग दल के संयोजक सोनू सिंह, संतोष मंडल,ओम प्रकाश मंडल,शंकर मंडल समेत अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा लोगों से जाम हटाने का प्रयास किया पर ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर डटे रहे। बता दें कि जिस जगह पर हादसा हुआ वहां तीखा मोड़ है, अक्सर तेज रफ्तार के कारण दोनों ओर के वाहन चालक एक-दूसरे को देख नहीं पाते हैं। इस कारण वहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। एसडीपीओ ने मुआवजे का िदया आश्वासन सूचना पर एसडीपीओ जीत वाहन उरांव,सीओ मो हुसैन,बीडीओ निशात अंजुम, नारायण पुर थाना प्रभारी साकेत प्रताप देव घटना स्थल पर पहुंचे तथा घायल व्यक्ति का समुचित इलाज तथा मृतक के परिजनों को मुआवजे का आश्वाशन देकर सड़क जाम हटाया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रही। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया।


